नीमच के फव्वारा चौक पर शुक्रवार शाम एक युवक ने दूसरे युवक की बेल्ट से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अपनी बेल्ट निकालकर दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ।राहगीरों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी युवक लगातार मारपीट करता रहा। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।पुलिस ने आरोपी शुबम (पिता- नरेंद्र मोची), निवासी विनोबागंज को हिरासत में ले लिया है। टीआई निलेश अवस्थी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांति भंग करने और मारपीट की धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शहरवासियों में आक्रोश है। नागरिकों ने शहर के व्यस्त चौराहे पर हुई इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल बताया और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।