नीमच। जिले के एक गांव में खेत पर अफीम की फसल की चौकीदारी कर रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक देर रात खेत पर मौजूद था,इसी दौरान वह पास स्थित कुएं में गिर गया। गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इधर, मृतक के परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए इसे मात्र हादसा मानने से इनकार किया है। परिवार का कहना है कि युवक के शरीर पर कुछ पुराने और संदिग्ध चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि संभव है युवक के साथ पहले मारपीट की गई हो और उसके बाद उसे कुएं में फेंका गया हो। परिवार ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए पैनल से पोस्टमार्टम (PM) कराने की बात कही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


