नीमच। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने और नियमों की धज्जियाँ उड़ाने वालों को सबक सिखाने के लिए यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगूजर इन दिनों फुल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, एएसपी नवल सिंह सिसोदिया और सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सोनू बडगूजर ने अपनी टीम के साथ शहर के मुख्य चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर हड़कंप मचा दिया। इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि पुलिस ने बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जहाँ एक ओर रसूखदारों की गाड़ियों से काली फिल्म हटवाई गई, वहीं नियमों का उल्लंघन कर रही एक एम्बुलेंस तक को नहीं बख्शा गया और मौके पर ही उसकी काली फिल्म भी उतरवाई गई। सड़कों पर बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर से ‘पटाखे’ फोड़ने वाले हुड़दंगियों पर भी बडगूजर का डंडा चला। शाम तक चली इस कड़ी कार्रवाई में कुल 40 वाहनों के चालान काटकर 26 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी और फैंसी नंबर प्लेट वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी सोनू बडगूजर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मॉडिफाइड साइलेंसर व काली फिल्म के खिलाफ यह ‘क्लीन स्वीप’ अभियान आगे भी इसी रफ्तार से जारी रहेगा, ताकि आम जनता सुरक्षित सफर कर सके।