खोर। विक्रम सीमेंट वर्क्स खोर में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ संस्थान प्रमुख अवास मिश्रा एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सुरक्षा ध्वजारोहण के साथ किया गया। कार्यक्रम में संविदा कर्मचारी दशरथ सुथार ने उपस्थित कर्मचारियों को सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत में सुरक्षा अधिकारी राहुल बारगल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला और सप्ताहभर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे सुरक्षा संबंधी गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भाग लेकर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। इस अवसर पर कारखाने परिसर में विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा बैनर लगाए गए तथा कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा वार्ता और सुरक्षा कविता का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में भूपेन्द्र सिंह, अनंत शर्मा (एफएच-एचआर एंड पी एंड ए), अक्षय जैन (एफएच-टेक्निकल), आशीष हिंगर (एफएच-एफ एंड सी) तथा भूपेंद्र खोरपिया (एफएच-माइंस) सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। संस्थान प्रमुख अवास मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि यदि कारखाने में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षा नियमों और ‘रोको-टोको’ की संस्कृति का पालन करे, तो शून्य दुर्घटना का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कर्मचारियों से अनुशासन में रहते हुए सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सुरक्षा अधिकारी राकेश झा ने किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।