नीमच। शहर की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि और शहर अध्यक्ष मोनू लॉक्स के खिलाफ अवैध वसूली के आरोपों का मामला केंट थाने पहुंच गया। विवाद उस समय और गहरा गया जब इस पूरे प्रकरण से जुड़े दो कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे।
मामला गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर फास्ट फूड की रेहड़ी लगाने वाले स्वप्निल गट्टानी से जुड़ा है। स्वप्निल गट्टानी अपनी कैंसर पीड़ित मां के साथ केंट थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत आवेदन सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनसे हर महीने दो से तीन हजार रुपये किराया के नाम पर मांगे जा रहे हैं तथा आसपास के अन्य लोगों से भी इसी तरह की राशि वसूली जा रही है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगरपालिका कर्मचारी योगेश टांकवाल द्वारा नट्स फास्ट फूड के नाम से रसीद काटने के बजाय अन्य नामों से रसीदें जारी की जा रही हैं और यह सब कथित तौर पर दबाव में किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने अपने आरोपों के समर्थन में दो कथित ऑडियो भी पुलिस को सौंपे हैं। इनमें से एक ऑडियो करीब 1 मिनट 15 सेकंड और दूसरा 4 मिनट 27 सेकंड का बताया जा रहा है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर गांधी भवन के मेंटेनेंस के नाम पर किराया लेने की बात सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में कथित रूप से यह भी कहा जा रहा है कि “तरुण भैया ने बोला हिसाब से ले लो,” साथ ही “गांधी भवन का मेंटेनेंस भी देखना पड़ता है।”
हालांकि इन ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वहीं इस पूरे मामले में मोनू लॉक्स ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखते हुए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि स्वप्निल गट्टानी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और वह गांधी भवन परिसर में गंदगी फैलाने के साथ असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है तथा बिजली चोरी जैसी हरकतों में भी शामिल रहा है।
फिलहाल मामला केंट पुलिस के पास पहुंच चुका है और पुलिस वायरल ऑडियो समेत पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।