नीमच। रोटरी भवन, गोमाबाई रोड स्थित रोटरी क्लब में जिला युवा प्रेसक्लब द्वारा पत्रकार सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की भूमिका, आधुनिक तकनीक और सामाजिक सरोकारों पर वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जावद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा ने भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में तकनीक इतनी उन्नत हो जाएगी कि डॉक्टरों को मरीज को छूने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी और एआई की मदद से सटीक निदान और रिमोट मॉनिटरिंग संभव होगी। सकलेचा ने कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि उस कठिन समय में जूनियर डॉक्टरों के भरोसे बड़ी लड़ाई लड़ी गई थी। विधायक माधव मारू और अन्य जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से नीमच जिले में संक्रमण को नियंत्रित करने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि नीमच के डीएनए में तरक्की है और विकसित राष्ट्र के निर्माण में मीडिया की सकारात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र के स्तंभों की मजबूती पर जोर दिया। मनासा विधायक माधव मारू ने कहा कि आज सूचना का दौर बेहद तेज हो गया है, ऐसे में प्रेस की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। इसके लिए पत्रकारों को वरिष्ठों से मार्गदर्शन लेते रहना चाहिए।  भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि राजनीति और पत्रकारिता दोनों का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनना है।  नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा  ने पत्रकारों को प्रशासन और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि पत्रकारों के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और उनकी लेखनी से पीड़ित को न्याय मिलना ही सच्ची पत्रकारिता है। भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि समाज और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से ही क्षेत्र का विकास संभव है। तथ्य और निष्पक्षता ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकारों ने भी पत्रकारिता के मूल्यों पर अपने अनुभव साझा किए। धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों का महत्व है, लेकिन खबर चलाने से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूरी है। कवि व पत्रकार सुरेश सन्नाटा ने कहा कि पत्रकारिता में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, सच को सामने लाना ही इसका मूल उद्देश्य है। दिनेश प्रजापति ने टीआरपी की दौड़ में भी प्रमाणिकता बनाए रखने की बात कही। कपिल चौहान ने पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग उठाई। कृष्ण शर्मा ने कानूनी प्रावधानों की जानकारी रखने और संपादक राजेश मानव ने अध्ययन और ज्ञान को पत्रकार की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
अतिथियों को भेंट की भादवामाता की तस्वीर
समारोह के दौरान सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें मध्यप्रदेश की प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां भादवामाता की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान किया गया। इनमें धर्मेंद्र शर्मा, सुरेश सन्नाटा, दिनेश प्रजापति, संजय यादव, संजय जोशी, राजेश मानव, कृष्ण शर्मा, हरीश अहीर, मुकेश सहरिया और कमलकांत जोशी शामिल रहे।
पत्रकारों को बांटे हेलमेट
यातायात पुलिस की ओर से सुरक्षा के संदेश के तहत कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को हेलमेट वितरित किए गए। यातायात अधिकारी सोनू बडगुर्जर ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील करते हुए कहा कि पत्रकार स्वयं सुरक्षा का पालन कर समाज के लिए उदाहरण बनें। कार्यक्रम में जिला युवा प्रेसक्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय, उपाध्यक्ष अब्दुल अली ईरानी, मनीष बागड़ी, विजित राव महाडिक, आनंद अहिरवार, प्रथम सिंह डोडिया, गोपाल मेहरा और पंकज मेनारिया सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।