चीताखेड़ा पुलिस ने क्रेटा कार से पकड़ा 182 किलो डोडाचूरा, एक आरोपी गिरफ्तार
17 Sep 2025
Crime News
चीताखेड़ा, 16 सितम्बर। जीरन थानांतर्गत पुलिस सहायता केंद्र चीताखेड़ा चौकी पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की धरपकड़ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले में पुलिस टीम ने क्रेटा कार से 182 किलो डोडा चूरा पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन व थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम चीताखेड़ा द्वारा हुण्डई कंपनी की बिना नंबर की क्रेटा कार से परिवहन किया जा रहा 182 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना जीरन से उपलब्ध जानकारी के अनुसार 15 सितंबर 2025 को मादक पदार्थ डोडाचूरा के परिवहन के संबंध में मुखबिर सूचना प्राप्न होने पर पुलिस टीम ने तत्परतापूर्वक कार्यवाही करते हुए जीरन चीताखेड़ा रोड पर नाकाबंदी करते हुए हुण्डई कंपनी की बिना नंबर की क्रेटा कार से परिवहन किया जा रहा काले रंग के 10 कट्टों में भरा करीब 182 किलो डोडाचूरा के साथ आरोपी संदीप जाट पिता हीरालाल जाट उम्र 35 साल निवासी नगाखेड़ी थाना बड़ी सादड़ी जिला चित्तौड़गढ़ राजस्थान को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज आरोपी से डोडाचूरा के स्त्रोतों के संबंध में पूछताछ व अनुसंधान जारी है। कार्यवाई में चिताखेडा पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी राजेंद्र सिंह और उनकी टीम का योगदान रहा।