नीमच। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जावद थाना अंतर्गत पुलिस चौकी सरवानिया महाराज ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 745 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त मशरूका का अनुमानित मूल्य करीब 4.40 लाख रुपये बताया गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम आंकली के मेलानखेड़ा तिराहे स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर के सामने नाकाबंदी की गई। इस दौरान बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल से आ रहे शुभम पिता मदनलाल कीर (22 वर्ष), निवासी मोरवन, जिला नीमच (हाल मुकाम सांवलियाजी, राजस्थान) को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 2 किलो 745 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पूछताछ में अवैध अफीम उपलब्ध कराने वाले प्रकाश पिता कैशुराम गौड़, निवासी लक्ष्मीपुरा, मोरवन का नाम सामने आने पर उसे भी मामले में सह-आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अब अफीम तस्करी के नेटवर्क तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों के संबंध में जांच कर रही है। कार्रवाई में पुलिस चौकी सरवानिया महाराज की टीम की सराहनीय भूमिका रही।