नीमच। मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वर्ष 2024 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहे सोनू पिता प्रकाशचंद धाकड़, निवासी बरखेड़ा को 17 जुलाई को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार थाना मनासा में दर्ज अपराध क्रमांक 601/2024 में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा तस्करी के मामले में आरोपी फरार था, जिस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इसी प्रकरण में एक अन्य 5 हजार रुपये का इनामी फरार आरोपी जितेंद्र सिंह पिता रामसिंह, निवासी मुंडला चक (थाना नीमच सिटी) की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी सहित प्रधान आरक्षक प्रकाश सेन, मनोहर बैरागी, अब्दुल मजीद, समरथ खराड़ी तथा आरक्षक विजयपाल सिंह, हेमंत सिंह, अंकित जोशी, ईश्वर चौहान, कुशलपाल जाट, अजयप्रताप, सुनील माली एवं दशरथ जाटव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।