नीमच। मध्य प्रदेश में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशाविरोधी अभियान के तहत नीमच जिले की जाट चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 4 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में थाना रतनगढ़ पुलिस द्वारा की गई।
चावण्डिया फंटे पर पकड़ा गया तस्कर,जानकारी के अनुसार 9 अगस्त 2026 को जाट चौकी पुलिस टीम रतनगढ़-जाट रोड स्थित चावण्डिया फंटे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित रोककर तलाशी ली गई। आरोपी की पीठ पर टंगे पिट्ठू बैग में छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की थैली में अवैध अफीम बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट की वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शांतिलाल पिता भवाना धाकड़ (40 वर्ष), निवासी ग्राम बोराव, थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला सप्लायर का नाम
पुलिस पूछताछ में अफीम उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति का नाम सामने आने पर पुलिस ने 10 अगस्त 2026 को कैलाश पिता नंदलाल धाकड़ (36 वर्ष), निवासी ग्राम बोराव, थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को भी गिरफ्तार कर लिया।
जब्त सामग्री
-
4 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम – अनुमानित कीमत ₹20,50,000
-
काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल (RJ 09 SP 6239) – कीमत ₹40,000
-
एंड्रॉइड मोबाइल फोन – कीमत ₹10,000
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक भूरालाल भाबर, जाट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह राठौर तथा उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अफीम तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।