जावद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जावद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑडी कार से 20 ग्राम एमडी ड्रग्स और 12 किलो डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में राजस्थान निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 17.64 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार 16 अगस्त की रात सूचना के आधार पर नीमच-निंबाहेड़ा फोरलेन पर भारत होटल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ऑडी कार क्रमांक HR 70 G 8823 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार मोहम्मद अकरम पिता आजाद मोहम्मद (36) और मोहम्मद रिजवान पिता मोहम्मद शाकिर (29), दोनों निवासी राजस्थान के कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में पैक 20 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा प्लास्टिक के कट्टे में 12 किलो डोडाचूरा मिला। पुलिस ने एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 2 लाख रुपए, डोडाचूरा की कीमत करीब 36 हजार रुपए तथा ऑडी कार की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई है। मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। कुल जब्त मशरूका करीब 17.64 लाख रुपए का बताया गया है।
मामले में थाना जावद पर अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा की सप्लाई के स्रोत तथा इससे जुड़े तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में थाना जावद पुलिस टीम ने की।