मंदसौर। पिपलियामंडी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी के पास से एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को पुलिस टीम देहात भ्रमण पर थी। इसी दौरान नगर परिषद पिपलियामंडी संपवेल के पास आम रोड पर ओवरब्रिज की तरफ से एक युवक पीठ पर काला पिट्ठू बैग लटकाए आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर युवक अचानक वापस मुड़ा और हाईवे रोड की ओर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम करण पिता कांतिलाल भील (23), निवासी धामेड़ी, थाना पिपलौदा, जिला रतलाम बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 1 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। इसके साथ एक कीपैड मोबाइल भी मिला। पुलिस ने अफीम और मोबाइल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 264/2026, धारा 8/18 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपी से अफीम की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई एसडीओपी मल्हारगढ़ पिन्टु कुमार बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पिपलियामंडी पुलिस टीम ने की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो अफीम कीमत ₹1 लाख और ₹1 हजार कीमत का कीपैड मोबाइल जब्त किया।