नीमच। नयागांव पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 60 किलो डोडाचूरा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी के दौरान बस क्रमांक एमपी 44 पी 6199 को रोककर तलाशी ली गई। बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों के बैग की तलाशी लेने पर 20 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मदनलाल पिता धर्माराम नायक (25) तथा इंद्रमल पिता गुरुनानक बावरी (23), निवासी जिला श्रीगंगानगर, राजस्थान के रूप में हुई।
इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई में रेलवे फाटक के पास सुरेंद्र पिता राजकुमार (37), निवासी जिला भटिंडा, पंजाब के कब्जे से दो पिट्ठू बैग में रखा 40 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ की तस्करी के नेटवर्क और आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।