नीमच। डोडाचूरा तस्करी के लिए तस्कर अब सामान ढोने वाले वाहनों की आड़ लेने लगे हैं। जीरन पुलिस ने महू-नीमच हाईवे पर चेकिंग के दौरान ‘बालाजी वेफर्स’ लिखे टाटा टेंपो क्रमांक RJ06GD6772 को रोककर तलाशी ली। बाहर से वाहन में वेफर्स और कुरकुरे की सामान्य सप्लाई दिखाई दे रही थी, लेकिन पुलिस की गहन तलाशी में चिप्स-कुरकुरे के पैकेटों के नीचे छिपाकर रखा 39 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार डोडाचूरा की कीमत करीब 1.95 लाख रुपए तथा तस्करी में इस्तेमाल टाटा टेंपो की कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 6.95 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया।
मामले में पुलिस ने टेंपो चालक किशन पिता पृथ्वीराज सालवी (25), निवासी काटी, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी। कार्रवाई एसपी राजेश व्यास, एएसपी हेमलता अग्रवाल एवं सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जीरन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।