नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्यप्रदेश इकाई ने 30 सितंबर को कंजार्डा-मनासा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बाइक सवार से 4.240 किलो अफीम जब्त की। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
सीबीएन मंदसौर की पीएंडआई सेल को सूचना मिली थी कि बाइक से अफीम की खेप मनासा की ओर ले जाई जा रही है। टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल रोककर तलाशी ली तो दो पैकेट में अफीम मिली। एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई के बाद अब अफीम के स्रोत, सप्लाई के ठिकाने और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच की जा रही है।