मंडलगढ़/भीलवाड़ा। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 98.040 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। टीम ने डोडाचूरा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मारुति ईको कार जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सीबीएन के अनुसार,मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान पंजीयन नंबर वाली मारुति ईको कार में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है और इसे आगे किसी अन्य ड्रग तस्कर को सौंपा जाना है। सूचना के आधार पर CBN कोटा के अधिकारियों की टीम ने 5 अक्टूबर को रवाना होकर संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की। रोकने का इशारा किया तो तेज रफ्तार में भागा-निगरानी के दौरान मांडलगढ़  क्षेत्र में ग्राम सहकारी समिति के सामने फूल जी की खेड़ी के पास संदिग्ध ईको कार नजर आई। अधिकारियों ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार रोकने के बजाय तेज गति से भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान कार ने CBN टीम के साथ चल रहे कंट्रैक्ट वाहन को टक्कर मार दी और कार पलट गई। इसके बाद चालक ने दोबारा मौके से भागने का प्रयास किया,लेकिन CBN अधिकारियों ने पीछा कर उसे मांडलगढ़  में ग्राम सहकारी समिति के सामने पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा 98.040 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।

NDPS एक्ट में मामला, जांच जारी-CBN टीम ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद डोडाचूरा और मारुति ईको कार को जब्त कर लिया। मामले में NDPS Act, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सौंपा जाना था, इसे लेकर आगे की जांच जारी है।