नीमच/। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 39 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डोडाचूरा, आई-20 कार और मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को रतनगढ़ थाना पुलिस टीम मानपुरा फंटे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को एक आई-20 कार के साथ रोका गया। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में प्लास्टिक के कट्टों में रखा डोडाचूरा बरामद हुआ। तौल करने पर कुल 39 किलोग्राम डोडाचूरा पाया गया। पुलिस ने मामले में अंकित पिता गोवर्धन आचार्य (25),निवासी ग्राम कोटड़ी,थाना कोटड़ी, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए,आई-20 कार की कीमत करीब 5 लाख रुपए तथा मोबाइल फोन की कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।
जब्त सामग्री: 39 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा
आई-20 कार क्रमांक RJ-34-CP-3159
एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन पुलिस के अनुसार कार्रवाई में रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल मावर एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।