मंदसौर। नारकोटिक्स विंग की हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है,जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। उज्जैन जिले के उन्हेल निवासी महिपाल नामक युवक को बुधवार रात 450 ग्राम मादक पदार्थ एमडी के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद नारकोटिक्स विंग उसे कस्टडी में लेकर मंदसौर लाई। यहां उसकी तबीयत अचानक खराब हुई तो उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा जुझार सिंह का आरोप लगाया है कि महिपाल से नारकोटिक्स विंग की हिरासत में मारपीट की गई। वह बुधवार शाम 5 बजे खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था,लेकिन गुरुवार सुबह 6 बजे टीआई राकेश चौधरी का फोन आया कि वह हिरासत में है। हम तुरंत मंदसौर पहुंचे। यहां महिपाल की मौत की जानकारी दी गई। नारकोटिक्स अधिकारियों के अनुसार, महिपाल के पास से 450 ग्राम एमडी जब्त की गई थी। गिरफ्तारी की कार्रवाई नारकोटिक्स टीआई राकेश चौधरी और उनकी टीम ने की थी। हालांकि, पूरे मामले पर अब तक कोई भी अधिकारी सार्वजनिक रूप से बयान नहीं दे रहा है।
डीएसपी बोले- लंग्स और पेट में इन्फेक्शन था,नारकोटिक्स विंग डीएसपी आरके चतुर्वेदी ने बताया कि बुधवार रात महिपाल को 400 ग्राम एमडी के साथ पकड़ा गया था,उसे कार्यवाही के लिए नारकोटिक्स प्रकोष्ठ लेकर आए, तभी उसे उल्टी हुई और तबीयत बिगड़ गई। आरोपी को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। यहां रूटीन जांच में पता चला कि आरोपी को लंग्स और पेट में इन्फेक्शन है। गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी महिपाल पूर्व में भी 300 ग्राम ड्रग्स स्मैक के साथ गिरफ्तार हो चुका है,जिसमें उसे 12 साल की सजा हुई थी।