जिला युवा प्रेस क्लब की कार्यकारिणी घोषित, पत्रकारों को मिली जिम्मेदारी
28 Jul 2025
Local News
नीमच। हाल ही में गठित जिला युवा प्रेस क्लब की कार्यकारिणी का गठन शनिवार को किया गया। अध्यक्ष पद पर राकेश मालवीय की नियुक्ति के बाद बनी इस कार्यकारिणी में जिले के विभिन्न पत्रकारों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उपाध्यक्ष पद पर अब्दुल अली इरानी और मनीष बागड़ी को मनोनीत किया गया है। सचिव के रूप में विजीत राव महाडिक की नियुक्ति हुई है, जबकि सहसचिव की जिम्मेदारी प्रथसिंह डोडिया को दी गई। कोषाध्यक्ष पद पर आनंद अहीरवार को चुना गया है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में पंकज मेनारिया और गोपाल मेहरा को शामिल किया गया है। गठन के दौरान सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए एकजुटता से कार्य करने का संकल्प लिया। अध्यक्ष राकेश मालवीय ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य युवा पत्रकारों को संगठित करना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवाद की स्थायी प्रक्रिया बनाना रहेगा। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि अगस्त माह में कार्यकारिणी का शपथ विधि समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर के पत्रकारों को आमंत्रित कर एक वृहद बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संगठन की आगामी कार्ययोजना और उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।