नीमच। विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्राम अरनिया मामादेव से बांगरेड तक 2 करोड़ 73 लाख लागत से बनाई जा रही सड़क में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। पौने चार किमी की सड़क निर्माण में लेत लतीफी के साथ ही मानकों को भी अनदेखा किया जा रहा है। सड़क की गुणवत्ता में गड़बड़ी की शिकायत कर ग्रामीणों से भारी गड़बड़ी की आशंका व्यक्त की है। गौरतलब है कि ग्राम अरनिया मामादेव से बांगरेङ तक करीब 3.42 किमी की सड़क का निर्माण
लोकनिर्माण विभाग नीमच के सुपरविजन में आर. के इंडस्ट्रीज कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। सड़क का निर्माण साल 2022 के टेंडर के अनुसार सड़क निर्माण 10 माह की समय सीमा में हौना था, लेकिन सड़क निर्माण की कछुआ चाल ने इसके निर्माण में तीन साल लगा दिए,फिर भी अब तक सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। डीपीआर और निर्मित सड़क में फर्क अपने आप महसूस किया जा सकता है। जहां लगभग तीन किलोमीटर की पूरी सड़क लेवल मानक में ऊपर नीचे है तथा एक जैसा लेवल सड़क में कहीं नजर नहीं आ रहा है। साथ ही सड़क शासन के हैड ओवर होने से पहले कई जगह से चिपक गई और दरारे पड़ गई हैं। जिसको देखकर निर्माण में गड़बड़ी और घटिया निर्माण की संभावना को नकारा नहीं जा सकता।
पुलिया निर्माण भी गुणवत्ता विहीन सड़क निर्माण के दौरान ग्राम अरनिया के पास वाली पुलिया को छोड दें, तो सड़क पर जितनी भी पुलिया और रपटों का निर्माण किया है, उनका निर्माण गुणवत्ता विहीन होने के साथ ही घटिया है। आलम यह है कि पुलिया निर्माण के दौरान सीमेंट के पाईप डाल कर साइड कंवर कर मिट्टी डाल दी गई है और उस पर अमानक दर्जे का सीमेंट कांक्रीट किया जा रहा है। करीब पौने चार किमी सड़क पर शासन करीब पौने तीन - करोड़ रुपए खर्च कर तो रहा है, पर यह सड़क - ज्यादा दिन तक टिकने वाली नहीं दिख रही है। साइडों में फिलहाल मिट्टी डालकर फिलिंग करने का काम चल रहा है। निर्माण में कंस्ट्रक्शन कंपनी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मिलीभगत कर गड़बड़ी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कंस्ट्रक्शन कंपनी ने लाखों रुपए बचाने के चक्कर में पूरी सड़क को अमानक बना दिया है तथा सड़क निर्माण में बड़ी गड़बड़ी करने की आशंका है। सड़क किनारे कुओं की वॉल और पुलिया पर नहीं लगाई रैलिंग- सड़क मार्ग पर बीच में एक पुलिया के पास कुआं है, जिसकी वॉल नहीं बनाई गई है, जिसके चलते कभी भी दुर्घटना घट सकती है। साथ ही निर्मित पुलिया पर रैलिंग का अभाव दुर्घटना को जन्म दे सकता हैं। ठेकेदार द्वारा पैसा बचाने के चक्कर में इस सड़क की गुणवत्ता में गड़बड़ी की है। ग्रामीण जनों ने मुख्यमंत्री जन शिकायत 181 पर शिकायत दर्ज करवाकर मामले में दोषी ठेकेदार एवं पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। जब मामले में घटिया सड़क निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से सवाल किए गए, तो उनका कहना था कि निरीक्षण कर, कार्यवाही करेंगे
इनका कहना-
सड़क निर्माण कार्य 2022 को होकर पुराना कार्य है। असर ठेकेदार ने पैसे बचाने के चक्कर में गड़बड़ी करते हुए गुणवत्ता विहीन कार्य किया है, तो मौका निरीक्षण कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 10. माह की टाइम लिमिट में सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ है, जिस पर ठेकेदार को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
- अशोक पानिका, एसडीओ पीडब्ल्यूडी, नीमच