उज्जैन मे मीणा समाज का दशहरा मिलन समारोह संपन्न,, मीणा बंधुओं ने समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का लिया संकल्प,,नवनियुक्त जिलाध्यक्ष योगेश मीणा का स्वागत भी किया,,
09 Oct 2025
Local News
उज्जैन। मप्र मीणा समाज सेवा संगठन की उज्जैन जिला ईकाई के तत्वावधान में बुधवार को दशहरा मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर उपस्थित सभी स्वजातीय बंधुओं ने एकजुट और सक्रिय होकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण मीणा व समाजसेवी रतनलाल चांदा थे। सर्वप्रथम अतिथियों ने भगवान मीनेश के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। तत्पश्चात अतिथियों का नवनिर्वाचित उज्जैन जिलाध्यक्ष योगेश मीणा, राजेश मीणा, सतीश मीणा, महेंद्र मीणा दादू, गणेश मीणा सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। समाज के नवनियुक्त उज्जैन जिलाध्यक्ष श्री मीणा का भी स्वजातीय बंधुओं ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत और साफा बांधकर सम्मान किया। प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की उन्नति और पहचान के लिए हमें एकजुट होकर कार्य करना होगा। साथ ही समाज की उन्नति में बाधक कुप्रथाओं का भी त्याग करना होगा। समारोह को समाजसेवी मदनलाल मीणा रतलाम, पत्रकार अजय बारवाल, इंदौर जिलाध्यक्ष सुभाष मीणा, बालमुकुंद मीणा, घनश्याम मीणा, रामेश्वर मीणा, लक्ष्मण मीणा सहित अन्य स्वजातीय बंधुओं ने संबोधित करते हुए समाज में रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। जिला कार्यकारिणी में सक्रिय लोगों को शामिल किया जाए, इसको लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। मप्र मीणा समाज सेवा संगठन के तत्वावधान में प्रदेशाध्यक्ष श्री रामनिवास रावत के नेतृत्व में आगामी 9 नवंबर को भोपाल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को भी सफल बनाने का आग्रह स्वजातीय बंधुओं से किया गया। जिलाध्यक्ष श्री मीणा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर आप सभी के सहयोग से खरा उतरने हरसंभव प्रयास करुंगा। साथ ही संगठन से सभी लोगों को जोड़ने की कोशिश कर समाज को नई उंचाई की ओर अग्रसर करने की दिशा में कार्य करुंगा।वीसमारोह में सचिन मीणा, संजय मीणा, कमल मीणा सहित अनेक स्वजातीय बंधु उपस्थित थे। संचालन सतीश मीणा ने किया।