आरएसएस के खिलाफ आपत्तिजनकर टिप्पणी करने पर एक युवक गिरफ्तार, पूर्व मुख्यमंत्री ने भी शेयर की है विवादित पोस्ट
10 Oct 2025
Local News
नीमच। राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) के खिलाफ इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर नीमच जिले की जावद थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित युवक आईटीआई जावद का छात्र है। उसे जेल भेज दिया है। जिस पोस्ट को आरोपित छात्र ने पोस्ट किया है, उसे पांच दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने भी शेयर किया था। इस पोस्ट को लेकर दिग्विजयसिंह की मुश्किलें बढ़ सकती है। मिली जानकारी के अनुसार जावद के अठाना निवासी जाहिद पिता मोहम्मद हुसैन ने 7 अक्टूबर 2025 को शाम छह बजे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 28 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया। जिसमें आरएसएस के बारे में कथित नारे सुने गए। जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोग बुधवार को जावद में स्थित आईटीआई कॉलेज पहुंच गए, जहां पर जाहिद पढ़ने के लिए आया था। लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की गई। मौके पर पुलिस पहुंची और उसे थाने लेकर आई। जावद पुलिस ने फरियादी आर्यन बैरागी की रिपोर्ट पर आरोपी जाहिद के खिलाफ बीएनएस की धारा 353, 296, 115(2), 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया और उसे जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त किया है। जिसके आधार पर जांच जारी है।
युवक ने कबूला— जानबूझकर की थी पोस्ट,आरोपी युवक ने पुलिस के सक्षम कबूला कि उसने आरएसएस के खिलाफ जानबूझकर इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया था। जिससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई है। पुलिस ने पृथक से शांति भंग का भी प्रकरण दर्ज किया है। जावद थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी, जिस आरोप में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है। आरोपी जावद के आईटीआई कॉलेज का छात्र है।
पूर्व सीएम ने फोसबुक पर लिखा— बहुत सुंदर दृश्य
मंडल आयोग नामक फेसबुक आईडी पर यह वीडियो 22 अगस्त 2025 को अपलोड लिया गया था। जिसे पांच दिन पहले दिग्विजयसिंह ने शेयर करते हुए लिखा बहुत सुंदर दृश्य। इस पोस्ट को देखने के बाद जावद के अठाना के आरोपी ने वीडियो निकालकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।