नीमच । शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी शैक्षणिक संस्थान स्प्रिंगवुड स्कूल नीमच की छात्रा माही राठौड़ ने अपनी कड़ी मेहनत,अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर शालेय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता,देवास (म.प्र.) में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर पूरे नीमच का मान बढ़ाया। माही ने पहले विद्यालय,तहसील,जिला और संभाग स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर चयन हासिल किया था। राज्य प्रतियोगिता में भी उन्होंने अपने अदम्य साहस,संतुलित तकनीक और फुर्तीले खेल से सबका ध्यान आकर्षित करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है। विद्यालय की डायरेक्टर एवं प्राचार्या डॉ.चारुलता चौबे ने माही की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “माही राठौड़ ने यह साबित किया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य संभव है।”उन्होंने माही को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।