मामला नयागांव में छात्राओं से छेड़छाड़ का,विरोध में रहा बाजार स्वैच्छिक रूप बंद,आरोपी पर की सख्त कार्यवाही की मांग
24 Oct 2025
Local News
जावद। जावद तहसील के नयागांव में स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ की घटना के बाद आज शुक्रवार को सुबह से ही नगर का बाजार पूरी तरह से लोगों ने स्वैच्छिक रूप से बंद रखा,साथ की आरोपी के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश देखा गया है। आक्रोशित परिजनों के साथ हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। घटना के विरोध में स्थानीय नागरिकों,व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने स्वैच्छिक बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। दोपहर 2 बजे तक नगर के सभी बाजार पूरी तरह बंद रहे।
सुबह 11 बजे गांधी चौक परिसर पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और घटना से नाराज लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अभिभावकों में अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखी गई। विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। उनकी प्रमुख मांग थी कि दोषियों पर तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा,उन्होंने स्कूल और कोचिंग संस्थानों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और छात्राओं के लिए एक सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की भी मांग की। मामले में आरोपी शब्बीर (40 वर्ष), निवासी सूरज कॉलोनी, नयागांव को पुलिस ने बुधवार रात गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। वही विरोध प्रदर्शन को देखते हुए नगर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। दोपहर बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई और दुकानें खुलने लगीं। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस मामले में जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो वे अपना आंदोलन और तेज करने पर मजबूर होंगे।
स्कूल की बाउंड्रीवाल फांदकर करता था हरकतें
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले दो माह से प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल फांदकर स्कूल परिसर में घुसता था और कम उम्र की छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करता था। विरोध करने पर वह बच्चियों को जान से मारने की धमकी देता था। लगातार उत्पीड़न से परेशान छात्राओं ने कुछ दिन पहले स्कूल जाना बंद कर दिया। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर बच्चियों ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। घटना सामने आने के बाद से कस्बे में भारी आक्रोश है। परिजन और हिंदू संगठन के पदाधिकारी पुलिस प्रशासन से आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। टीआई जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।