मोरवन नगर रहा स्वैच्छिक बंद,मामला टेक्सटाइल फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों का धरना जारी
31 Oct 2025
Local News
मोरवन। नगर के पास आदिनाथ गौशाला के सामने प्रस्तावित टेक्सटाइल फैक्ट्री के विरोध में शुक्रवार को मोरवन एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वैच्छिक बंद रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस फैक्ट्री से क्षेत्र के पर्यावरण,भूजल और गौशाला पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री स्थल के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से फैक्ट्री की स्वीकृति निरस्त करने की मांग की। धरना स्थल पर लगातार नेताओं के संबोधन जारी हैं। कांग्रेस नेता एवं विधानसभा प्रत्याशी समंदर पटेल भी धरना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि यदि यह फैक्ट्री लगी, तो इसका दुष्प्रभाव न केवल पर्यावरण पर बल्कि आसपास के किसानों की खेती पर भी पड़ेगा।वहीं, बीजेपी नेता पूरण अहीर ने फैक्ट्री से जुड़ी प्रक्रियाओं और स्वीकृतियों को लेकर कई सवाल उठाए और इसे किसानों व आम जनता के साथ धोखा बताया। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मोरवन चौराहा, बांध क्षेत्र और धरना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन फैक्ट्री की स्थापना पर रोक नहीं लगाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।