नीमच। नीमच जिले के जावद विधानसभा क्षेत्र के गांव मोरवन क्षेत्र में प्रस्तावित 350 करोड़ की टेक्सटाइल फैक्ट्री के विरोध में आज शुक्रवार को सुबह से ही नगर का बाजार पूरी तरह बंद रहा। गौर तलब हैं की गुरुवार को हुई हिंसा के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बरकरार है, जिन्होंने गिरफ्तार लोगों की रिहाई और फैक्ट्री निर्माण पर रोक लगने तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
पुलिस ने लगभग 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने देर शाम तक कार्रवाई करते हुए लगभग 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस दौरान राजकुमार अहीर और पूरणमल अहीर सहित पांच प्रमुख नेताओं को गिरफ्तार किया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। रात करीब 8 बजे पुरण अहीर राजकुमार अहीर किसान नेताओं को तहसील न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। दरअसल, गुरुवार को महिलाओं के नेतृत्व में निकली एक रैली शांतिपूर्ण प्रदर्शन के रूप में शुरू हुई थी, लेकिन दोपहर तक यह उग्र हो गई। सैकड़ों ग्रामीण फैक्ट्री परिसर में घुस गए, जहां उन्होंने वाहनों में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों पर पथराव किया। हालांकि, अन्य ग्रामीणों की रिहाई न होने के कारण शुक्रवार को भी आंदोलन की तीव्रता बनी रही। मोरवन सहित आसपास के कई गांवों में ग्रामीणों ने एकजुट होकर नगर बंद का आह्वान किया।
कई सामाजिक संगठनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है। फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन तनाव बरकरार है। प्रशासन लगातार संवाद के माध्यम से हालात करने की कोशिश में जुटा है।