नीमच। यादव शौर्य दिवस पर अहीर यादव यदुवंशी समाज और नारायणी सेना द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश और राजस्थान से सैकड़ों की संख्या में समाजजन पहुंचे थे। संगठन की मजबूती व सामूहिक शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष हरीश अहीर के नेतृत्व में जिला, तहसील, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साह से भाग लिया। धनेरियाकला से रैली प्रारंभ हुई। वाहन रैली में दो और चारपहिया वाहन शामिल थे। धर्म ध्वजाएं थामे युवाओं और वरिष्ठों का उत्साह देखते ही बन रहा था। वाहन रैली बघाना, स्टेशन रोड, सीआरपीएफ चौराहा, गुरुद्वारा, एलआईसी चौराहा, शिवाजी सर्कल, फव्वारा चौक, कमल चौक से होती हुई टाउन हॉल पहुंची। पूरे मार्ग में समाजजन का जगह जगह स्वागत किया गया। टाउन हॉल में आमसभा की गई। सभा में नारायणी सेना के संस्थापक सुनील यादव सहित प्रदेश और जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने समाज को शिक्षा, संगठन, एकजुटता और सामाजिक उत्थान के मार्ग पर आगे बढने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। अहीर समाज के सेवानिवृत्त सेना के जवानों को सम्मानित किया गया। रेजांगला युद्ध में अहीर समाज के शहीद हुए 114 युवाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंच पर पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, जावद जनपद सदस्य पूरनमल अहीर, समाजसेवी कैलाश अहीर, औंकारलाल अहीर सहित प्रदेश की कार्यकारिणी के पदाधिकारी मंचासीन थी। संचालन राकेश अहीर ने किया।