धोखाधडी कर पैतृक कृषि भूमि बेचने की शिकायत कर कलेक्टर से कार्यवाही की मांग,
03 Dec 2025
Local News
नीमच। जावद तहसील के ग्राम धामनिया निवासी नानालाल एवं गणेश पिता घीसालाल रावत ने जिला कलेक्टर को लेखी शिकायत रिपोर्ट कर धोखाधडी कर पैतृक कृषि भूमि पर लोन कराकर रूपए हडपने और मानसिक रूप से अस्वस्थ्य पिता व भाई को बहला फुसलाकर कृषि भूमि का विक्रय कराने वाले मनीष पिता शंकरलाल तेली,शंभुलाल तेली नि.सरवानिया महाराज तथा राहुल पिता सुंदरलाल रावत,शांतिलाल पिता दयाराम रावत नि.धामनिया के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की मांग की है।
हस्ताक्षरयुक्त लेखी रिपोर्ट में बताया कि प्रार्थीगण नानालाल व गणेश पिता घीसालाल रावत नि.धामनिया के दादा वर्दीचंद रावत मीणा की मृत्यु के बाद ग्राम धामनिया तहसील जावद में स्थित पैतृक कृषि भूमि सर्वे नं.223/2 रकबा 0.85 हैं., सर्वे नं.224 रकबा 0.09 हैं, कुल रकबा 0.94 है. हमारे पिता घीसालाल को प्राप्त हुई जो कि राजस्व रिकार्ड में घीसालाल के नाम से दर्ज है तथा घीसालाल के चार पुत्र हैं जिनमें हम प्रार्थीगण व हमारे दो भाई दिनेश व तेजपाल हैं तथा हमारे पिता ने उक्त कृषि भूमि का हम चारों भाईयों के मध्य आपसी मौखिक बंटवारा कर दिया था और उस अनुसार घीसालाल के चारों पुत्र अपने अपने हिस्से पर काबिज होकर खेती करते आ रहे हैं। हम प्रार्थीगण के पिता का मानसिक संतुलन खराब होने के कारण वर्ष 2021 में हमारे पिता घीसालाल को बहला फुसलाकर मनीष पिता शंकरलाल तेली व शंभूलाल तेली सरवानिया महाराज ने हमारी पैतृक भूमि पर एचडीएफसी बैंक शाखा नीमच से लोन कराकर दस लाख रूपए हडप लिए और वर्तमान में उक्त भूमि बैंक में बंधक होकर लोन बकाया है। उसके बाद भी राहुल पिता सुंदरलाल रावत व शांतिलाल पिता दयाराम रावत नि.धामनिया ने हमारे पिता की मानसिक स्थिति खराब होने का अनुचित लाभ उठाकर धोखाधडी कर हमारे पिता व भाई तेजमल रावत को बहला फुसलाकर हमारी उक्त कृषि भूमि का विक्रय पत्र 13.9.2024 को क्रेता नीता रावल पति राधेश्याम रावल नि. ग्राम लसुडिया जिला मंदसौर के नाम से करा दिया और हम प्रार्थीगण की सहमति भी नहीं ली गई। पूर्व में हमारी पैतृक भूमि पर मनीष व शंभूलाल ने धोखे से लोन कराकर रूपये हडप लिए उसके बाद राहुल व शांतिलाल ने षड़यंत्र रचकर हम प्रार्थीगण के साथ धोखाधडी कर हमारे पिता की खराब मानसिक हालत का लाभ उठाकर हमारे भाई तेजमल को बहला फुसलाकर हमारी कृषि भूमि का विक्रय पत्र निष्पादित करा दिया और क्रेता नीता रावल से रूपये हडप लिए जबकि उक्त भूमि पैतृक है और एचडीएफसी बैंक में बंधक है तथा उक्त भूमि में हम चार भाईयों का हिस्सा है और मौके पर आज भी हमारा कब्जा है और हम खेती कर रहे हैं, लेकिन राहुल व शांतिलाल ने धोखाधडी से हमारी पैतृक कृषि भूमि बेचकर रूपए हडप लिए और हमारे परिवार में विवाद की स्थिति उत्पन्न कर दी। यदि हमारे परिवार में कोई घटना घटित होती है तो उसके जिम्मेदार राहुल, शांतिलाल, मनीष एवं शम्भूलाल रहेंगे। पीडित नानालाल रावत व गणेश रावत ने जिला कलेक्टर से आरोपीगण के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।