नीमच में देखने को मिला अनोखा प्रदर्शन,"रामनाम सत्य है, सहकारिता विभाग भ्रष्ट है" 8 वे दिन निकाली शवयात्रा, प्रदर्शनकारी को लिया पुलिस हिरासत में आशिष बंग
03 Dec 2025
Local News
नीमच। सहकारिता विभाग और अक्षय क्रेडिट सोसायटी की कथित अवैध वसूली के विरोध में पीड़ितों का कलेक्टर कार्यालय परिसर के अंदर स्थित बालाजी मंदिर में पिछले आठ दिनों से जारी चरणबद्ध प्रदर्शन आज आठवें दिन उस समय उग्र हो गया,जब प्रदर्शनकारियों ने 'शव यात्रा' निकाली। सोसायटी से पीड़ितों ने आज सहकारिता विभाग और अक्षय क्रेडिट सोसायटी की सांकेतिक शव यात्रा निकाली। यह यात्रा कलेक्टर कार्यालय परिसर के बाहर से शुरू होकर कार्यालय के मुख्य द्वार की ओर बढ़ी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने "राम नाम सत्य है, सहकारिता विभाग भ्रष्ट है" जैसे तीखे नारे लगाए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। जैसे ही प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचने वाले थे,एसडीएम संजय साहू सहित तहसीलदार ने उन्हें तत्काल रोककर समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अडिग रहे और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। इसके बाद, केंट थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को वहाँ से हटाया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस थाना ले जाया गया।पुलिस कार्रवाई के दौरान, प्रदर्शनकारियों का आक्रोश सामने आया। उनका कहना था कि वे पहले से ही पीड़ित और परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा, "हमको जेल में डाल दो या भले इच्छा मृत्यु की परमिशन दे दो, लेकिन हम मानने वाले नहीं हैं।" प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि सहकारिता विभाग और अक्षय क्रेडिट सोसायटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मामला शांत कर दिया है। अब यह देखना होगा कि न्याय की मांग कर रहे पीड़ित प्रदर्शनकारी आगे क्या कदम उठाते हैं।