नीमच सिटी थाना क्षेत्र के महू-नसीराबाद हाईवे पर मालखेड़ा फंटे के पास गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां 35 टन कपास से भरा ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गए, जिन्हें सामाजिक कार्यकर्ता वीरेंद्र पाटीदार ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार सुबह RTO द्वारा चलते ट्रॉला को रोकने की कोशिश बड़ा हादसा बन गई। अचानक ब्रेक लगाने पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए और एक बाइक ट्रॉले के नीचे दब गई। चालक सियाराम जाट (नागौर) ने आरोप लगाया कि RTO कर्मचारियों ने गाड़ी रोकने का इशारा किया, जिससे बैलेंस बिगड़ा और ट्रॉला पलट गया, उसमें भरी कपास को बोरियां सडक पर गिर गई।हादसे के कारण हाईवे पर ट्रैफिक बाधित हो गया,लेकिन मौके से RTO स्टाफ गायब हो गया, उन्होंने ना तो घायलों को देखा और ना ही कहीं किसी अधिकारी को कोई सूचना दी,दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक ड्राइवर सियाराम जाट ने खुद को केबिन के अंदर बंद कर लिया था उसका कहना था कि उसका लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ। RTO उसकी भरपाई करें। ड्राइवर ने आरोप लगाया कि RTO का स्टाफ अवैध वसूली कर रहा था जिसके चलते उसकी गाड़ी पलटी है और नुकसान हुआ है। सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि ड्राइवर का यही दावा है कि RTO वाहन में मौजूद तीन कर्मचारियों ने रोकने का संकेत दिया, जिससे हादसा हुआ। काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, बाद में पुलिस ने पीछे की जाली तोड़कर ड्राइवर को बाहर निकाला और FIR प्रक्रिया शुरू की। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। ग्रामीणों ने दावा किया कि इस मार्ग पर RTO की गाड़ी अक्सर खड़ी रहती है और वसूली की आशंका कई बार सामने आ चुकी है। हालांकि पुलिस के अनुसार अभी तक अवैध वसूली संबंधी लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गौरतलब है कि 3 सितंबर 2025 को नयागांव टोल प्लाजा/चेक पोस्ट के पास कंटेनर की टक्कर से जावद निवासी हरीश रजक की मौत हो गई थी, जबकि सूरज बीलवाल गंभीर रूप से घायल हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि कंटेनर को रोकने की कोशिश में यह हादसा हुआ और RTO प्रभारी व स्टाफ मौके से चले गए। उस घटना में भी ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी। आज हुई घटना नयागांव की याद दिलाती है दोनों मामलों के बाद क्षेत्र में RTO की अवैध वसूली पर सवाल उठ रहे हैं।

चालक का विरोध,पुलिस ने खिड़की तोड़कर निकाला-हादसे की सूचना पर सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। ट्रक चालक ने आरटीओ कर्मचारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए केबिन में बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी समझाइश के बाद भी जब वह नीचे नहीं उतरा तो पुलिस ने केबिन की खिड़की तोड़कर उसे बाहर निकाला और हिरासत में लिया। इसके बाद कपास की बोरियों को हटवाकर क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करवाया गया। कार्रवाई के दौरान जेतपुरा फंटा क्षेत्र में लंबा जाम लग गया, जिसे करीब ढाई से तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर में बहाल किया जा सका।