नीमच। जेतपुर फंट्रे पर बुधवार शाम को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी,जिससे कार में सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और आसपास की मदद से घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों ने बताया कि वे मंगलम रिसोर्ट में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने ब्रेकर पर संतुलन खो दिया और सड़क की दूसरी ओर चल रही कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रेलर कार को करीब 50 से 60 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग सहम उठे। गनीमत रही कि कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कार सवारों को गंभीर चोटें नहीं आईं। हादसे में पार्थ मुच्छाल, पलक मुच्छाल, निशा विजय मुच्छाल और ज्योति हेड़ा घायल हो गए। टक्कर के बाद कार सवार वाहन के अंदर ही फंस गए थे। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर नीमच के श्रीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, यातायात व्यवस्था संभाली और ट्रेलर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


