नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रतनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल के बीच छिपाकर उगाई जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 9 क्विंटल 76 किलोग्राम वजनी कुल 11,600 हरे अफीम के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 97 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार जायसवाल के निर्देशन में जिलेभर में अफीम, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती व तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
ड्रोन से खुला राज
11 फरवरी 2026 को पुलिस चौकी जाट को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लुहारिया जाट में कपास की आड़ में अवैध अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने ड्रोन से खेतों की सर्चिंग करवाई। ड्रोन कैमरे में संदिग्ध पौधे दिखाई देने पर टीम ने तत्काल खेत पर दबिश दी।
जांच में खेत आरोपी हिरालाल पिता घिसालाल माली (43 वर्ष), निवासी ग्राम लुहारिया जाट के कब्जे में पाया गया। कपास के पौधों के बीच सुनियोजित ढंग से अफीम के पौधे लगाए गए थे, ताकि किसी को संदेह न हो। मौके पर विधिवत तौल करने पर कुल 9 क्विंटल 76 किलोग्राम वजन के 11,600 हरे अफीम पौधे बरामद हुए।
आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच
पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अवैध खेती के पीछे कोई संगठित गिरोह या बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन सहित उनकी टीम की अहम भूमिका रही। ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से की गई यह कार्रवाई दर्शाती है कि नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


