सीएम राइज स्कूल की आरक्षित भूमि पर मिट्टी खनन, प्रशासन की भूमिका पर सवाल
नीमच। शहर की हवाई पट्टी के समीप स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 के पीछे सीएम राइज स्कूल के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर खुलेआम मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जेसीबी मशीनों से जमीन खोदकर बड़ी मात्रा में मिट्टी निकाली जा रही है और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि यह भूमि स्कूल भवन निर्माण के लिए चिन्हित है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस खनन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई है? यदि अनुमति नहीं है, तो यह गतिविधि किसके संरक्षण में संचालित हो रही है?
हवाई पट्टी जैसे संवेदनशील क्षेत्र के नजदीक भारी मशीनों से खनन किया जाना सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर विषय माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार चल रहे इस कार्य के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार का उत्खनन भविष्य में बनने वाले स्कूल भवन की नींव और भूमि की संरचना को प्रभावित कर सकता है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लग सकते हैं।
अब मुख्य प्रश्न यह है कि खनन विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी है या नहीं? यदि जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं, और यदि जानकारी नहीं है तो यह प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जनता ने मामले की तत्काल जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है—अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी इस प्रकरण में क्या कदम उठाते हैं।


