नीमच। थाना नीमच कैंट में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी व सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान द्वारा क्षेत्र के समस्त होटल संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा शासन के दिशा-निर्देशों के पालन पर विशेष चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने सभी होटल संचालकों को निर्देशित किया कि अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से संचालित रखें तथा कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। सभी होटल संचालकों को रात्रि 10:00 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग नहीं करने के लिए कहा गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
इस अवसर पर तहसीलदार महोदय, नीमच सिटी थाना प्रभारी तथा कैंट थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने होटल संचालकों से प्रशासन का सहयोग करने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक के अंत में होटल संचालकों ने सुरक्षा और नियमों के पालन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।