(आनन्द अहिरवार)

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र में फसल के भूसे से भरे ट्रैक्टरों से ‘इंट्री’ के नाम पर अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जीरन-हरवार रोड पर रात से लेकर सुबह तक निकलने वाले ट्रैक्टर चालकों से 200 रुपये प्रति ट्रैक्टर के हिसाब से पैसे लिए जाने की बात सामने आई है। मामले की पुष्टि के लिए  टीम ने मौके पर पड़ताल की, तो सुबह करीब 5:30 बजे एक कार चालक द्वारा तीन ट्रैक्टरों को रोक कर पैसे लिए जाने की जानकारी मिली। जिसने थाने का हवाला देकर ट्रैक्टर चालकों से ‘इंट्री’ के नाम पर 200-200 रुपये वसूल लिए।
इसके बाद कुछ दूरी पर राधा स्वामी आश्रम के सामने एक पुलिस आरक्षक जितेंद्र सिंह ने उन्हीं ट्रैक्टरों को दोबारा रुकवाया और फिर से इंट्री के नाम पर पैसे मांगने की बात सामने आई। ट्रैक्टर चालक द्वारा पहले ही पैसे देने की बात कहने पर आरक्षक ने भी इंट्री देने की बात कही। हालांकि जब मौके पर पत्रकार आने की भनक लगी तो आरक्षक वहां से हट गया। ट्रैक्टर चालकों ने बताया कि उन्हें एक ही रास्ते पर दो जगह 200-200 रुपये तक देने पड़ते हैं। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम गोपालपुरा से करीब 20, उगरान से 10 और गादौला से 10 ट्रैक्टर सहित आसपास के गांवों से रोजाना लगभग 50 से 60 ट्रैक्टर इस मार्ग से गुजरते हैं।
इस संबंध में जब जीरन थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताते हुए जांच कराने की बात कही।

अफीम तस्करी को लेकर भी उठे सवाल
नीमच क्षेत्र को अफीम उत्पादन और तस्करी के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है, जिसमें जीरन बेल्ट का नाम भी अक्सर सामने आता रहा है। पिछले कुछ समय से NDPS एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई हो रही थी, लेकिन हाल के दिनों में इन कार्रवाइयों में कमी आने से भी कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
ऐसे में चर्चा यह भी है कि यदि ट्रैक्टरों से 200 रुपये लेकर उन्हें निकलने दिया जा रहा है, तो क्या बड़ी रकम लेकर अवैध मादक पदार्थों की गाड़ियां भी निकल सकती हैं?
सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोगों द्वारा इस तरह की वसूली के लिए सक्रिय होने की भी जानकारी सामने आई है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा अगली खबर में किया जाएगा।