नीमच। थाना नीमच सिटी क्षेत्र में हाईवे रोड स्थित बरखेड़ा हाड़ा पेट्रोल पंप पर रास्ता भटक गए दो मासूम बच्चों को डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित उनके परिजनों से मिला दिया। जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि नीमच सिटी थाना क्षेत्र के हाईवे रोड बरखेड़ा हाड़ा पेट्रोल पंप पर दो छोटे बच्चे मिले हैं, जिनका अपने परिजनों से संपर्क टूट गया है और उन्हें पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ सउनि विजेंद्र सिंह चौहान एवं पायलट विनोद शर्मा मौके पर पहुंचे और बच्चों को अपने संरक्षण में लिया। बच्चों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे पिकअप वाहन से जा रहे थे। रास्ते में पिकअप में पेट्रोल भरवाते समय वे पानी पीने के लिए नीचे उतर गए और इसी दौरान पिकअप वाहन वहां से निकल गया, जिससे वे पीछे रह गए। डायल-112 जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन के नंबर के आधार पर संपर्क नंबर प्राप्त किया और परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। इसके बाद बच्चों को एफ आरवी वाहन से थाना नीमच सिटी लाया गया। थाने पर परिजनों के पहुंचने के बाद पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।