नीमच। जवाहर नगर में महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए नीमच पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे जवाहर नगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना नीमच कैंट और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फिर से नीमच में वारदात करने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की। पीछा करने पर आरोपी रामपुरा के जंगल क्षेत्र में मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए। पुलिस ने सर्चिंग के दौरान पुष्पेंद्र शर्मा (41) निवासी प्रेमनगर-2, कोटा (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी दीपक मीणा निवासी सुभाष नगर,कोटा जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे भी कोटा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चेन स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों के खिलाफ राजस्थान के कोटा, भीलवाड़ा और टोंक जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों से सोने की एक चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (RJ20-BB-6072) जब्त की है।
इनकी रही भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक निलेश अवस्थी, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे सहित थाना नीमच कैंट, साइबर सेल और थाना रामपुरा पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।