नीमच। शहर के अग्रोहा भवन में अग्रवाल विकास समिति नीमच एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल कृत्रिम अंग एवं दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर इन दिनों सेवा और मानवता की मिसाल बन गया है। तीन दिवसीय इस मेगा शिविर में दूसरे दिन भी दिव्यांगजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखने को मिली। कई दिव्यांगजन घसीटते हुए या परिजनों के सहारे शिविर में पहुंचे, लेकिन कृत्रिम अंग और उपकरण मिलने के बाद उनके चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
अग्रवाल विकास समिति नीमच के अध्यक्ष गोपाल गर्ग और सचिव सुनील सिंहल ने बताया कि 14 से 16 मार्च तक चल रहे इस शिविर में अब तक 51 कृत्रिम पैर, 50 कैलीपर्स और 15 कृत्रिम हाथ लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 80 ट्राईसाइकिल, 55 व्हीलचेयर, 200 श्रवण यंत्र, 35 वॉकर और 75 छड़ियां भी जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क वितरित की गई हैं।
संयोजक मंडल के अनिल मंगल और पंकज मित्तल ने बताया कि शिविर में कुल 700 लाभार्थियों का पंजीयन हुआ है, जिनमें से दूसरे दिन तक लगभग 360 दिव्यांगजन लाभान्वित हो चुके हैं। शिविर में अग्रवाल समाज के अनेक सदस्य पूरे दिन सेवा कार्य में जुटे रहे और लाभार्थियों की हर संभव मदद की।
पंजीयन और शिविर संचालन में गोपाल अग्रवाल (बैंक), श्याम अग्रवाल (एमपीईबी), अशोक सिंघल (इंजीनियर), बनवारी लाल जिंदल, चंद्रप्रकाश अग्रवाल, विनोद अग्रवाल (मोरवन), गुणवंत गोयल, विनोद अग्रवाल दडोली, इंजीनियर द्वारका बंसल, राजेश गोयल कनावटी, गोपाल सिंघल, सतीष गोयल (बैंक) और अनिल गर्ग सहित कई समाजसेवियों का सक्रिय सहयोग मिल रहा है।
शिविर में रेडक्रॉस सोसायटी और जिला चिकित्सालय की टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर मरीजों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया। इस सेवा शिविर के माध्यम से सैकड़ों दिव्यांगजनों को नया सहारा और आत्मनिर्भरता की राह मिली है।