नीमच। मध्यप्रदेश के सीमांत जिला नीमच से डोडाचूरा की बड़ी खेप लेकर निकला राजस्थान के बाड़मेर का एक तस्कर आखिरकार कनेरा थाना पुलिस के शिकंजे में आ गया। पुलिस ने आरोपी मनीष जाट को करीब 42 किलो डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी नीमच क्षेत्र से डोडाचूरा लेकर तय रूट से आगे बढ़ रहा था, लेकिन रास्ते में गूगल मैप के सहारे चलते हुए वह भटक गया। इसी दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर पड़ने पर कनेरा पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने वाहन तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए काफी दूर तक पीछा किया और आखिरकार उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 42 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद नीमच क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि कनेरा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह राठौर की सख्ती के चलते क्षेत्र में तस्करी के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है, जिसके चलते तस्कर अब नए रास्ते तलाशने में जुट गए हैं।