नीमच। चित्तौड़गढ़ । मेवाड़ के प्रसिद्ध जोगणियां माता शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्रि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार सोमवार को दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। लगभग 300 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
जोगणियां माता शक्तिपीठ संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माताजी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। संस्थान द्वारा दर्शन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मंदिर में मां महाकाली, मां महासरस्वती और मां महालक्ष्मी की प्रतिमाओं का स्वर्ण मुकुट से भव्य श्रृंगार किया गया है। एक साथ तीनों स्वरूपों के दर्शन तथा मंदिर परिक्रमा में स्थित चौसठ योगिनी मंदिर श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।
नवरात्रि महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर पैदल यात्रियों का लगातार आवागमन बना हुआ है, वहीं श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह लंगर की व्यवस्था भी की गई है। मंदिर परिसर में दैनिक पूजा-अर्चना, आरती, रामायण पाठ और दुर्गा पाठ के साथ-साथ नवग्रह वाटिका भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वृंदावन के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन भी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रहा है। आयोजकों के अनुसार 25 मार्च को भजन संध्या का आयोजन होगा,जबकि 26 मार्च को दुर्गाष्टमी पर महारात्रि जागरण किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर के द्वार पूरी रात श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे और दर्शन की विशेष व्यवस्था की जाएगी।


