नीमच (सिंगोली)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिंगोली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक कार से 160 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह सिसोदिया तथा एसडीओपी  रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक  जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 मार्च 2026 को अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ हेतु नाकाबंदी के दौरान ग्राम सिंगोली कांस्या आम रोड ग्राम फुंसरिया पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक सिल्वर रंग की मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (R,J,17,UA/6450) को रोका गया। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा,लेकिन घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर कार से 160 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों जुनैद अख्तर (25) और दानिश उर्फ शानू (33), निवासी कोटा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।

24 लाख से ज्यादा का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से 160 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत करीब 16 लाख रुपए) अर्टिगा कार (कीमत करीब 8 लाख रुपए) 2 मोबाइल फोन (करीब 30 हजार रुपए)
जब्त किए हैं। कुल जब्ती करीब 24.30 लाख रुपए की बताई जा रही है।

भागने की कोशिश में पकड़े गए
कार सवार पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर भागने लगे थे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।