नीमच/ मंदसौर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन नजदीक आते ही मंदसौर-नीमच क्षेत्र में कथित क्रिकेट सटोरियों की गतिविधियों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह बातें सामने आ रही हैं कि कुछ संदिग्ध लोग बाहर के शहरों में अपने ठिकाने बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों द्वारा इंदौर,उज्जैन,चित्तौड़गढ़,उदयपुर, जैसे शहरों में रिसॉर्ट व होटल बुक करने की चर्चाएं हैं। माना जा रहा है कि आईपीएल के दौरान सट्टेबाजी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए ये कदम उठाए जा सकते हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी ऐसी किसी गतिविधि की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन आईपीएल सीजन को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई जा रही है। सूत्र बताते हैं कि हर साल आईपीएल के दौरान अवैध सट्टेबाजी के मामले सामने आते हैं, जिसके चलते पुलिस पहले से ही सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अवैध सट्टेबाजी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।