नीमच। महानिदेशालय खान सुरक्षा (DGMS) के निर्देशन में प्रथम मेटालिफेरस माइंस सेफ्टी वीक 2025-26 का भव्य शुभारंभ विक्रम सीमेंट वर्क्स, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की खदानों में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत खदान कर्मियों द्वारा सुरक्षा शपथ ग्रहण के साथ हुई। मुख्य अतिथि आर.सी.व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि खनन कार्य में सुरक्षा सर्वोपरि है। प्रत्येक कर्मचारी को कार्यस्थल पर सतर्कता,नियमों का पालन और जोखिम-रहित कार्य-संस्कृति अपनानी चाहिए। विक्रम सीमेंट के अधिकारियों में से पी. पी. सिंह ने कहा कि “सुरक्षा ही हमारी प्रथम प्राथमिकता है। सुरक्षित खनन प्रथाएं न केवल उत्पादन बढ़ाती हैं, बल्कि खनन उद्योग में स्थायी विकास का मार्ग भी प्रशस्त करती हैं।” सुरक्षा सप्ताह के दौरान खदानों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनमें सुरक्षा निरीक्षण एवं मूल्यांकन, श्रमिकों के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, मशीनरी एवं उपकरणों की सुरक्षा जांच, कार्यस्थलों पर धूल, ध्वनि एवं कंपन नियंत्रण उपायों की समीक्षा शामिल है। साथ ही सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर एवं नारा प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, खदान प्रबंधक, पर्यवेक्षक, अभियंता तथा बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खान सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य खनन उद्योग में “सुरक्षा प्रथम – उत्पादन बाद में” की कार्य-संस्कृति को मजबूत करना तथा दुर्घटनारहित, सुरक्षित और स्वस्थ कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है।