नीमच। शहर में एक पेट्रोल पंप संचालक की कथित गुंडागर्दी और पत्रकार को दी गई धमकियों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एकजुट होकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले के अनुसार, पत्रकार संजय यादव द्वारा पेट्रोल पंप पर चल रही मनमानी—केवल 200 रुपए का पेट्रोल देने जैसी व्यवस्था—को उजागर किया गया था। इसके बाद पंप संचालक और उसके सहयोगियों द्वारा पत्रकार को फोन पर धमकियां दी गईं। आरोप है कि अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने तक की चेतावनी दी गई। घटना से नाराज पत्रकारों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए कहा कि यदि सच्चाई उजागर करने पर ही पत्रकारों को डराया-धमकाया जाएगा, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। ज्ञापन सौंपते समय पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष हरीश अहीर, जिला युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं केंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।