नीमच। महेशपुरिया स्थित तार फैक्ट्री के सामने आज एक बड़ा हादसा होते-होते टला। यहाँ स्थित शासकीय स्कूल की बाउंड्री वॉल के पास लगे एक विशाल पेड़ को एक ओवरलोड पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन का चालक लापरवाही पूर्वक वाहन को पीछे ले रहा था। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और तेज रफ्तार पिकअप सीधे स्कूल की बाउंड्री में लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पेड़ जड़ से पूरी तरह टूटकर गिर गया। जिस समय यह घटना हुई गनीमत यह रही कि पेड़ के नीचे या स्कूल की बाउंड्री के पास कोई मौजूद नहीं था अन्यथा कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी।