नीमच। प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत जावद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चौकी सरवानिया महाराज एवं थाना जावद की टीम ने कार्रवाई करते हुए 166 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा तथा एक सफेद रंग की होंडा जैज कार (क्रमांक DL 7 CK 7931) जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है,जबकि एक आरोपी फरार है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गई। दिनांक 06 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद होंडा जैज कार में अवैध डोडाचूरा तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम लासुर-बागरेड रोड स्थित गुलानिया भेरूबावजी के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 166 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी दिनेश (28) एवं रूघाराम (32), दोनों निवासी बिरसालू कला, थाना खेड़ापा, जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पूछताछ में सामने आया कि यह मादक पदार्थ कालु उर्फ कारूलाल निवासी रायसिंहपुरा (नीमच) द्वारा उपलब्ध कराया गया था, जिसे मामले में सह-आरोपी बनाया गया है। वह वर्तमान में फरार है, जिसकी तलाश जारी है। बरामद सामग्री: डोडाचूरा: 166 किलोग्राम वाहन: होंडा जैज कार (DL 7 CK 7931) अनुमानित मूल्य: लगभग 6,30,000 रुपये आरोपी: दिनेश पिता शेराराम (28 वर्ष), निवासी बिरसालू कला, जिला जोधपुर रूघाराम पिता निम्बाराम (32 वर्ष), निवासी बिरसालू कला, जिला जोधपुर कालु उर्फ कारूलाल, निवासी रायसिंहपुरा, जिला नीमच (फरार) इस कार्रवाई में चौकी सरवानिया महाराज थाना जावद की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।