प्रतापगढ़। आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 6 लैपटॉप, 38 मोबाइल फोन, 48 सिम कार्ड सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। जांच में करीब 12 करोड़ 54 लाख रुपए से अधिक के लेन-देन का हिसाब सामने आया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रतापगढ़, डीएसटी, क्यूआरटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। फार्म हाउस में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा 8 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतापगढ़ में सर्वोदया स्कूल के पास स्थित एक फार्म हाउस में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान फार्म हाउस की पहली मंजिल पर बने हॉल में 6 युवक लैपटॉप और मोबाइल के माध्यम से सट्टा चलाते हुए मिले। पुलिस को देखकर सभी आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। ऐसे चल रहा था सट्टे का नेटवर्क पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 8-10 दिनों से संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। वे Star66, Diamondexch, Lotus, 247 और Star-777 जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहे थे। ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड देकर रुपए के बदले पॉइंट्स दिए जाते थे। सट्टे का लेन-देन टेलीग्राम, व्हाट्सएप और फोन-पे के जरिए किया जाता था। जीतने पर ग्राहकों को तुरंत भुगतान कर दिया जाता था। भारी मात्रा में सामान जब्त पुलिस ने मौके से जब्त किया— 6 लैपटॉप (कीबोर्ड, माउस सहित) 38 मोबाइल फोन (सैमसंग, वनप्लस, वीवो, ओप्पो, रेडमी, आईफोन आदि) 48 सिम कार्ड (एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल, जियो) CCTV कैमरा, वाई-फाई डिवाइस, एटीएम कार्ड सट्टे के हिसाब-किताब की डायरी व रजिस्टर जब्त सामग्री की कुल कीमत लाखों रुपए आंकी गई है। करोड़ों का हिसाब-किताब मिला जांच के दौरान 24 अक्टूबर 2025 से 8 अप्रैल 2026 तक का रिकॉर्ड मिला, जिसमें करीब 12 करोड़ 54 लाख 45 हजार रुपए के लेन-देन का विवरण पाया गया। वहीं 8 अप्रैल को ही लाखों रुपए का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन सामने आया। गिरफ्तार आरोपी पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में— हर्षवर्धन पिता विनोद अग्रवाल (27 वर्ष), निवासी बंगला नं. 47,जैन कॉलोनी, नीमच,पुरुषोत्तम पिता प्रेमचंद रेगर (24 वर्ष), निवासी सेमाडा, जिला नीमच,प्रिंस कुमार पिता कुलदीप कुमार (30 वर्ष), निवासी कडोला कला, थाना नूरमहल, जिला जालंधर (पंजाब),लखपत पिता संजय कुमार विश्नोई (25 वर्ष), निवासी घडसाना, जिला श्रीगंगानगर,हरमन सिंह पिता गुरजंट सिंह (24 वर्ष), निवासी जैतसर, जिला श्रीगंगानगर रामबाबू मुखिया पिता भोला मुखिया (26 वर्ष), निवासी लतिफुलापुर बहेड़ा, जिला दरभंगा (बिहार) पुलिस टीम इस कार्रवाई में पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थाना हाथुनिया, प्रतापगढ़, डीएसटी एवं साइबर सेल के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। टीम में प्रशिक्षु आरपीएस राहुल गोयल के नेतृत्व में कई उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल थे, जिनकी संयुक्त कार्रवाई से यह सफलता मिली। जब्त सामग्री आरोपियों के पास से लेपटॉप, 38 मोबाइल फोन, 48 सिम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग ऑनलाइन सट्टा संचालन में किया जा रहा था। आगे की कार्रवाई पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

इन धाराओं में मामला दर्ज आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराएं 318(4), 61(2), 112(2), आईटी एक्ट की धारा 66D और आरपीजीओ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।