नीमच। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में गड़बड़ी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। राशन वितरण में अनियमितता पाए जाने पर दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर कुल 3.80 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) संजीव साहू के न्यायालय द्वारा यह कार्रवाई की गई। उनके निर्देशन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने उचित मूल्य दुकान घसुण्डी जागीर और घसुण्डी बामनी में जांच की,जिसमें राशन स्टॉक में कमी पाई गई। इसके बाद दोनों दुकानों के विक्रेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।

जुर्माने का विवरण

घसुण्डी जागीर दुकान: ₹3,50,485

घसुण्डी बामनी दुकान: ₹29,898

कुल जुर्माना: ₹3,80,383

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट कहा कि गरीबों के राशन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने सभी उचित मूल्य दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमों के अनुसार पात्र हितग्राहियों को पूर्ण मात्रा में राशन वितरण सुनिश्चित करें।