मनासा। कृषि उपज मंडी मनासा में किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि मंडी परिसर में बने अधिकांश टीन शेड एवं छपरो में व्यापारियों द्वारा गेहूं, चना, सोयाबीन, मेथी, मसूर और चिया सहित अन्य कृषि जिंसों का माल भरा हुआ है, जबकि किसानों की उपज खुले मैदान में नीलाम की जा रही है। तेज धूप और मौसम की मार के बीच किसानों को घंटों अपनी उपज के साथ इंतजार करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि मंडी में किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए टीन शेडों पर व्यापारियों का कब्जा बना हुआ है, जिससे छोटे और दूर-दराज से आने वाले किसानों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी प्रशासन इस अव्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है और जिम्मेदार अधिकारी व्यापारियों पर कार्रवाई करने से बच रहे हैं।
मंडी परिसर में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही टीन शेड खाली करवाकर किसानों की उपज के लिए व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन की स्थिति बन सकती है। किसानों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।