नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजार्डा चौकी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यहां एक आदिवासी परिवार में पारिवारिक विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि पति ने अपनी ही पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया और बाद में जंगल में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार पूरी तरह बिखर गया है, जबकि दंपति के दो मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। जानकारी के अनुसार घटना कल तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने घर में सो रही पत्नी पर अचानक कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। घटना के बाद आरोपी घर से रस्सी लेकर जंगल की ओर भाग निकला। बाद में उसका शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कंजार्डा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने शव बरामद कर मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी और सनसनीखेज वारदात होने के बावजूद यह मामला करीब 24 घंटे तक मीडिया और आम लोगों की नजरों से दूर रहा। अब घटना सामने आने के बाद पूरे मनासा क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटनाक्रम को लेकर स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस मृतक द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम के पीछे की वास्तविक वजह जानने के प्रयास में जुटी हुई है।


